-कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुजरात में दलितों पर हो रहे उत्पीड़न के विरोध मेंहदावाल चौराहे पर स्थित अंबेडकर प्रतिमा के पास धरना दिया।
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुजरात में दलितों पर हो रहे उत्पीड़न को लेकर खलीलाबाद के मेंहदावाल चौराहे पर स्थित अंबेडकर प्रतिमा के पास धरना दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जिलाध्यक्ष परवेज खान ने कहा कि गुजरात के उना में दलितों के ऊपर अत्याचार केवल दलित समाज को अपमानित नहीं किया बल्कि पूरी मानवता को कलंकित करके रख दिया है। जबसे केंद्र में मोदी सरकार बनी है तबसे पूरे देश में दलितों के ऊपर अत्याचार बढ़ गए हैं। चाहे वह रोहित बेमुला की घटना हो चाहे उना की घटना हो या जेएनयू की घटना। देश में तमाम दलित विरोधी घटनाएं हुई हैं जो भाजपा सरकार की दलित विरोधी मानसिकता को दर्शाती है। हद तो तब हो गई जब अभी जल्द ही भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष ने प्रदेश की एक पूर्व महिला सीएम के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। अगर एक पूर्व सीएम के लिए ऐसी अभद्र भाषा का प्रयोग हो रहा है तो आम दलित नागरिकों के साथ उनका व्यवहार कैसा होगा।
पूर्व सांसद सुरेंद्र यादव ने कहा कि केंद्र में जब से मोदी सरकार बनी है तब से पूरे देश में दलितों और अल्पसंख्यकों के ऊपर अत्याचार कई गुना बढ़ गया है। विकास के मुद्दे पर पूरी तरह से फेल पीएम मोदी ज्यादातर समय विदेशों में काट रहे हैं। प्रदेश के विधानसभा चुनाव में फिर से अपने झूठे वादों के साथ उतरने की तैयारी में है जिसे जनता जान चुकी है। संचालन पीसीसी सदस्य अखंड बहादुर पाल ने किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अजय सिंह, मृत्युंजय चौबे, महिला जिलाध्यक्ष शांती देवी, दयाशंकर गुप्त, सुनील पांडेय, देवेंद्र, अंबिका राय, अमित कन्नौजिया, आलोक यादव, कृष्ण कुमार, इंदल कुमार, अनिल राय, आशीष गुप्त, नूरूल होदा, नसीम अख्तर, रामशंकर निषाद समेत अन्य मौजूद रहे।