राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में निरीक्षण करते जेडी।
- फोटो : अमर उजाला
संयुक्त शिक्षा निदेशक बस्ती मंडल संतराम सोनी ने गुरुवार को जनपद के माध्यमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान नेहरू कृषक इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य और चार शिक्षकों को छोड़ बाकी स्टाफ अनुपस्थित मिला, वहीं एक विद्यालय पर दो अनुचर काफी दिन से अनुपस्थित थे। नाराज जेडी ने गायब शिक्षकों का वेतन रोकते हुए अनुचरों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई का निर्देश दिया है।
जेडी सबसे पहले नेहरू कृषक इंटर कॉलेज खलीलाबाद पहुंचे। जहां पर प्रधानाचार्य व चार शिक्षकों को छोड़ समस्त स्टाफ अनुपस्थित मिला। उपस्थिति पंजिका मांगी तो पता चला कि वह लिपिक के पास है, लिपिक नहीं आया है। जेडी ने कहा कि लिपिक को बुलाकर रजिस्टर उनके पास भेजा जाए। जो लोग अनुपस्थित हैं उनका एक दिन का वेतन काटा जाए। इसकी रिपोर्ट उन्हें दी जाए। इसके बाद जेडी पीबी गर्ल्स इंटर कॉलेज खलीलाबाद में पहुंचे। जहां पर कमरों में काफी गंदगी मिली। प्रधानाचार्य से पूछा तो वह भी कोई जवाब नहीं दे पाईं।
उन्होंने हिदायत दी कि कमरों में साफ सफाई रखी जाए। अगले निरीक्षण में गंदगी मिली तो कार्रवाई की जाएगी। एच इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया तो वहा दो अनुचर अनुपस्थित मिले। अरविंद कुमार 16 अप्रैल और वीरेंद्र दो जुलाई से अनुपस्थित चल रहे हैं। उन्होंने प्रधानाचार्य से दोनों अनुचरों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई कर उसकी रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। मौलाना आजाद इंटर कॉलेज के निरीक्षण के दौरान सब कुछ सही मिला। बेतरतीब खड़ी साइकिलों को सही से खड़ी करने का निर्देश दिया। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के निरीक्षण में भी सब सही मिला। इस अवसर पर प्रधानाचार्य निशा यादव समेत अन्य मौजूद रहे।