शहर में स्थित एक प्राइवेट अस्पताल सोमवार को बच्चे की मौत के बाद घरवालों ने हंगामा किया। सूचना पर सीओ के साथ तमाम पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने ठीक से डिलिवरी नहीं कराने की वजह से बच्चे की मौत होने का आरोप मढ़ते हुए कोतवाली में तहरीर दी। इस आधार पर पुलिस ने अज्ञात डॉक्टर और नर्स के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया।
महुली क्षेत्र के सिकरी गांव निवासी पन्ने लाल पुत्र झिनकू यादव का आरोप है कि उसके पास पांच बेटियां है। वह पत्नी निशा की डिलिवरी कराने के लिए सोमवार को शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में ले गया था। मंगलवार सुबह बेटा पैदा हुआ जो बीमार हालत में दिखा। उसके बाद वह बच्चे को सीएचसी खलीलाबाद ले गए,जहां डॉक्टर ने देखते ही बताया कि बच्चे की सही ढंग से डिलिवरी नहीं कराई गई है।
बच्चे के बचने की कम उम्मीद है, इसी बीच उसका बच्चा मर गया। उसका आरोप है कि गांव के पास का एक व्यक्ति उसे बहका कर एक प्राइवेट अस्पताल में ले गया था। आरोप है कि उसकी पत्नी की डिलिवरी में लापरवाही बरती गई, जिसकी वजह से बच्चे की मौत हो गई। उसने जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की। परिजन जब हंगामा करने लगे तो अस्पताल कर्मियों ने इसकी सूचना डायल 100 को दे दिया, उसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। सीओ प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।