संतबीरनगर। हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय खलीलाबाद में बुधवार को इकाई शिक्षक संघ की बैठक हुई। बैठक में सत्र 2026-27 के लिए जिला इकाई एवं हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय की इकाई शिक्षक संघ का गठन हुआ। पर्यवेक्षक के रूप में सिद्धार्थ विश्वविद्यालय सम्बद्ध महाविद्यालय शिक्षक संघ (सुआक्टा) के अध्यक्ष डॉ. शशिकांत राव उपस्थित रहे। सभी पदों के लिए पदाधिकारियों का चयन निर्विरोध एवं सर्वसम्मति से किया गया।
हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय इकाई के अध्यक्ष प्रो. अमित भारती चुने गए, महामंत्री डॉ. प्रदीप कुमार, उपाध्यक्ष डॉ. नेहा सिंह, कोषाध्यक्ष विद्याभूषण, संयुक्त मंत्री विजय बहादुर और सुआक्टा प्रतिनिधि दीप्शी सिंह बनी। इसी क्रम में जिला शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. अमर सिंह गौतम, उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम पांडेय, महामंत्री अभय गुप्ता तथा संयुक्त मंत्री फखरे आलम चुने गए। इस अवसर पर पर्यवेक्षक डॉ. शशिकांत राव ने कहा कि शिक्षक समाज लोकतांत्रिक मूल्यों का संवाहक होता है।
शिक्षक संघ का चुनाव केवल पदाधिकारियों के चयन की प्रक्रिया नहीं, बल्कि पारदर्शिता, निष्पक्षता, उत्तरदायित्व तथा लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का भी परिचायक है। एआईफुक्टो के पूर्व जोनल सेक्रेटरी प्रो. राजेश मिश्र ने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा, उनके व्यावसायिक विकास तथा उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ बनाने में शिक्षक संघ की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
शिक्षक संघ केवल कर्मचारियों का संगठन नहीं है, बल्कि वह शिक्षा की गुणवत्ता, संस्थागत लोकतंत्र और अकादमिक उत्कृष्टता का भी एक सशक्त माध्यम है। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकों ने नवगठित कार्यकारिणी पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर उनका अभिवादन किया।