संतकबीरनगर। एक निजी विद्यालय पर प्रवेश के समय बताई गई सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराने, निर्धारित शुल्क से अधिक फीस वसूलने तथा फीस जमा न करने पर छात्रा को कथित रूप से मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगा है। गिरजाशंकर पुत्र जोखई निवासी ग्राम पडियापार, थाना दुधारा ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
गिरजाशंकर के अनुसार उनकी बेटी एक निजी विद्यालय में पढ़ती है। प्रवेश के समय विद्यालय की ओर से वातानुकूलित कक्ष, वातानुकूलित वाहन, स्वच्छ पेयजल समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही गई थी, लेकिन आरोप है कि बाद में इन सुविधाओं को उपलब्ध नहीं कराया गया। उनका यह भी आरोप है कि विद्यालय द्वारा पूर्व में बताई गई फीस से अधिक शुल्क लिया जा रहा है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि फीस जमा न करने पर उनकी बेटी को कथित रूप से कक्षा में अन्य बच्चों के सामने खड़ा किया जाता था और अपमानित किया जाता था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि करीब एक सप्ताह से छात्रा को विद्यालय में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। जिससे उसकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।