आसमान छू रहा प्याज, फूल गोभी, मटर सहित कई सब्जियों के भाव
सहालग में मांग के सापेक्ष आपूर्ति कम होने से बढ़ीं कीमतें
संतकबीरनगर। सहालग में सब्जियों के भाव आसमान पर पहुंच गया है। इन दिनों हरी सब्जियों की कीमत 40 रुपये प्रति किलोग्राम से शुरू हो रही हैं। हालांकि, पिछले साल नवंबर के आखिर में ही सब्जियों के भाव करीब 30 फीसदी कम हो गए थे।
नवीन सब्जी मंडी के व्यापारी अनिल कुमार के मुताबिक, सर्दियों की शुरुआत के साथ ही सब्जियों के भाव में गिरावट होती है। इस वर्ष फसल की बुवाई देरी से होने से सब्जियों की आवक प्रभावित हुई है। बाहर से जो माल आ रहा है, वह महंगा है। मंडी में थोक भाव प्रतिकिलो 25 से 30 रुपये से शुरू हो रहे हैं। फुटकर मंडी में विक्रेता मनमुताबिक दाम बढ़ाकर 10 से 15 रुपये अधिक ले रहे हैं।
अदरक, लहसुन की कीमतों में भी तेजी
लहसुन और अदरक की तासीर गर्म होने और रोग प्रतिरोधक क्षमता अधिक होने से सर्दियों में खानपान के साथ बतौर घरेलू औषधि के रूप में लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। मंडी सहित फुटकर बाजार में लहसुन और अदरक के दाम भी बढ़ गए है। लहसुन करीब 400 रुपये प्रतिकिलो बिक रहा है।
15 दिसंबर के बाद कीमतें गिरने का अनुमान
सब्जी विक्रेता बिहारी लाल के मुताबिक मंडी में ही महंगी सब्जी मिलने से फुटकर में उसी दाम पर बेचना मुमकिन नहीं है। सहालग का सीजन होने से मंडी से ही थोक भाव में अधिकतर हरी सब्जियां खरीदनी पड़ रही हैं। मांग ज्यादा और आपूर्ति कम होने से कीमतों में तेजी आई है। 15 दिसंबर के बाद सब्जियों के भाव गिरने की उम्मीद है।
सब्जियां प्रतिकिलो भाव
प्याज 50 रुपये
आलू 30 रुपये
मटर 80 रुपये
टमाटर 40 रुपये
गाजर 50 रुपये
गोभी 50 रुपये