संतकबीरनगर। एडीएम वित्त एवं राजस्व सत्यप्रकाश की अध्यक्षता में बुधवार को जनपद में स्वीकृत सीएफसी कलस्टर परियोजनाओं की स्थापना के संबंध में समीक्षा बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें शीघ्र ही डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार वर्मा ने अवगत कराया कि ओडीओपी सीएफसी योजनांतर्गत 23 अप्रैल को हुई एसएलसी की 23वीं बैठक में होजरी कलस्टर की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई है। बैठक में एमएसएमई भारत सरकार से आए सह निदेशक संजय कुमार मौर्य, सह निदेशक वैभव खरे, जोनल कंसल्टेंट अनुराग कुमार सिंह ने होजरी कलस्टर के बारे में विस्तृत रूप से अवगत कराया।
बैठक में अरविंद कुमार पाठक ने बताया कि होजरी निर्माताओं एवं बुनकरों के समर्थन के लिए कॉमन प्रोसेसिंग सेंटर, मार्केटिंग सेंटर तथा रॉ मेटेरियल बैंक की स्थापना का प्रस्ताव इस कलस्टर में है। नए कलस्टर की स्थापना से जनपद के होजरी निर्माताओं प्रतिस्पर्धी दरों पर कच्चे माल की उपलब्धता के साथ-साथ सामान्य प्रसंस्करण एवं विपणन की सुविधाएं भी प्रदान की जाएगी।
एडीएम ने निर्देशित किया कि समस्त आवश्यक प्रपत्र उपलब्ध कराते हुए जोनल कंसल्टेंट के साथ समन्वय कर यथाशीघ्र डीपीआर तैयार कराकर अग्रिम कार्यवाही के लिए प्रेषित कराएं।