हरिहरपुर/ महुली। नगर पंचायत हरिहरपुर के वार्ड आठ रंगपालनगर में शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थिति में एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। जानकारी होने पर पहुंचे मायके वालों ने ससुरालियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।
हरिहरपुर वार्ड-8 निवासी रूपा (28) पत्नी मनीष की संदिग्ध परिस्थिति में मौत की जानकारी होने पर पहुंचे पिता भगवान दास और उसके भाइयों ने ससुरालियों पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पिता भगवान दास ने कहा कि ससुरालियों के उत्पीड़न से तंग आकर उनकी बेटी ने जान दी है, जबकि ससुरालियों ने बताया कि रूपा गिरकर जख्मी हो गई थी। इसके चलते उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार हरेराम यादव और सीओ अभय नाथ मिश्र के साथ एसओ दुर्गेश कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार बरौली गांव निवासी भगवान दास गौड़ की पुत्री रूपा की शादी तीन साल पहले नगर पंचायत हरिहरपुर निवासी मनीष गौड़ से हुई। उनका तीन वर्षीय पुत्र विनायक है, और महिला गर्भवती भी थी। सीओ अभयनाथ मिश्र ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा। तहरीर मिलती है तो उसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से उठेगा मौत के रहस्य से पर्दा
हरिहरपुर। मृतका रूपा के गले पर काला निशान दिखा है। गला कसने से मौत होने की ओर इशारा कर रहा था, जबकि उसकी ससुराल के लोग गिरकर चोट लगने से मौत होने की बात कह रहे हैं। मृतका के पिता भगवान दास ससुरालियों पर उत्पीड़न का आरोप लगा रहे थे, उनका कहना था कि उत्पीड़न से तंग आकर उनकी बेटी ने मौत को गले लगा लिया है। मृतका के घर जुटी भीड़ में कुछ लोग पारिवारिक कलह की चर्चा भी कर रहे थे। मां की मौत से जहां तीन वर्षीय बेटा विनायक अनाथ हो गया। वहीं रूपा के साथ ही उसके गर्भ में पल रहा बच्चा भी असमय काल के गाल में समा गया। संवाद