बरदहिया बाजार में बिजली के तारों को बदलते हुए कर्मचारी
संतकबीरनगर। वर्तमान में उमस भरी गर्मी पड़ रही है। इससे लोग बेहाल है। इस बीच बिजली की कटौती ने उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है। स्थिति यह है कि शनिवार को अंसार टोला में बिजली के जर्जर तार बदलने के लिए आपूर्ति ठप कर दी गई। इसके साथ ही गोरखल क्षेत्र में लोकल फाल्ट के चलते बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। ग्रामीण क्षेत्रों का और बुरा हाल है। सुबह बिजली कट जा रही है तो पानी का संकट खड़ा हो जा रहा है।
शनिवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। तेज धूप के चलते लोग उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। लोगों को उम्मीद थी कि बेहतर बिजली आपूर्ति से राहत मिलेगी, लेकिन बिजली की आवाजाही ने उपभोक्ताओं की मुसीबत बढ़ा दी है। इस बीच विद्युत निगम भी मोहल्लों में जर्जर तार को बदल ने का कार्य रहा है। इस दौरान बिजली आपूर्ति ठप हो जा रही है।
शनिवार को अंसार टोला में सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। इस दौरान पेड़ों की डालियों की काटा गया। बिजली न रहने से पंखा, कूलर बेकार हो गए। गोरखल में लोकल फाल्ट के चलते बिजली आपूर्ति करीब दो घंटे तक प्रभावित रही। हालांकि बिजली कर्मियों ने गड़बड़ी दूर कर बिजली आपूर्ति बहाल की। जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिली। दूसरी तरफ ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह पांच बजे बिजली गुल हो जा रही है, बिजली आपूर्ति करीब आठ बजे के बाद बहाल हुई।
इस दौरान लोगों को पानी का संकट झेलना पड़ा। कारण यह कि बिजली न रहने से घरों की छतों पर लगी पानी की टंकियां सूख गई। दिन में भी बार-बार बिजली आने और जाने का सिलसिला बना रहा। विद्युत उपभोक्ता रामजीत, नंद किशोर आदि ने बताया कि उमस भरी गर्मी के बीच बिजली की कटौती से परेशानी झेलनी पड़ रही है।