श्रेयांश समेत चारों शवों का पोस्टमार्टम
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। धनघटा क्षेत्र के बंडा बाजार के पास सोमवार को बाइक और टेंपो के बीच हुई टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई थी। मंगलवार को चारों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस पर दिनभर लोगों की भीड़ लगी रही। बस्ती जिले के तीनों मृतकों का शव लेने के लिए गांव के लोग तथा रिश्तेदार आए थे।
सोमवार को बस्ती जिले के मुंडेरवा बाजार थाना क्षेत्र के पड़री गांव निवासी 22 वर्षीय शिवपूजन बाइक से 60 वर्षीय दादी फूलादेवी पत्नी मोती और13 वर्षीय चचेरे भाई बृजभूषण उर्फ छोटू पुत्र सुभाऊ के साथ सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे सरयू नदी के बिड़हरघाट से स्नान व मेला के बाद घर जा रहे थे। धनघटा थाना क्षेत्र के बंडा बाजार में सामने से सवारी लेकर आ रहे टेंपो से बाइक की सीधी टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार शिवपूजन, दादी फूला देवी व चचेरे भाई बृजभूषण उर्फ छोटू, जबकि टेंपो में कजियापुर निवासी एक वर्षीय श्रेयांश की मौत हो गई थी। तीन लोग घायल हो गए थे। मृतकों का मंगलवार को पोस्टमार्टम हुआ। पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद हर कोई गमगीन था। लोग श्रेयांश के परिजनों का ढांढस बंधाने में जुटे हुए थे। बस्ती जिले के तीनों शवों को लेने के लिए उनके गांव के लोग व रिश्तेदार पहुंचे थे।