संतकबीरनगर। बेलहरकला क्षेत्र के बदगदवा खुर्द गांव निवासी युवक के पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने मौत की गुत्थी को उलझा दिया है। सूर्यकांत के मोबाइल फोन पर आई अंतिम काॅल पर अब पुलिस की निगाह टिकी हुई है। पुलिस को अब प्रेम-प्रसंग के मामले में हत्या होने का शक गहरा गया है। पुलिस ने जांच का दायरा उसी तरफ मोड़ दिया है। बेलहरकला क्षेत्र के बदगदवा खुर्द गांव निवासी सूर्यकांत का शव बुधवार की सुबह गेहूं के खेत में पाया गया। सूचना के बाद गांव में पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। इस दौरान मौत का कारण चिकित्सक नहीं जान सके, जिसके बाद जांच के लिए विसरा प्रिजर्व कर दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण न स्पष्ट होने के वजह से सूर्यकांत के मौत की गुत्थी में पुलिस भी उलझ गई है। पुलिस की निगाह अब मृतक के मोबाइल पर टिक गई है। मोबाइल पर आए अंतिम काॅल की पड़ताल सर्विलांस टीम की मदद से तेज कर दी गई है। वहीं जांच टीम की के मुताबिक सूर्यकांत की हत्या को प्रेम प्रसंग से भी जोड़कर देखा जा रहा है। मृतक का एक लड़की से प्रेम संबंध था। जिससे वह बराबर बातचीत भी करता था। वहीं घर के इकलौते बेटे की मौत से परिजन भी गमगीन हैं।