- दोनों पाली में नौ केंद्रों पर 5232 अभ्यर्थी को देनी थी परीक्षा
- डीएम व एसपी केंद्रों का लेते रहे जायजा
नंबर गेम -2616 अभ्यर्थियों में से 617 दूसरी पाली में गैरहाजिर रहे
617 अभ्यर्थी दूसरी पाली में गैरहाजिर रहे जबकि 2616 पंजीकृत थे
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जनपद में पहले दिन हुई पुलिस भर्ती परीक्षा में शुक्रवार को दोनों पाली में 1247 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। नौ परीक्षा केंद्र पर दोनों पाली में 5232 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था। डीएम महेंद्र सिंह तंवर, एसपी सत्यजीत गुप्ता समेत परीक्षा में लगे सभी अधिकारी केंद्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेने में जुटे रहे।
पुलिस भर्ती परीक्षा अपने निर्धारित समय से शुरू हुआ। सभी केंद्रों पर समय से मजिस्ट्रेट की देखरेख में प्रश्नपत्र पहुंचा दिया गया। इसके बाद केंद्र व्यवस्थापक की निगरानी में परीक्षा शुरू कराया गया। पहली पाली में नौ केंद्रों पर 2616 अभ्यर्थी के सापेक्ष 630 अभ्यर्थी गैरहाजिर मिले। वहीं दूसरी पाली की परीक्षा में भी 2616 अभ्यर्थी नामांकित थे, इनमें 617 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे।
जोनल, सेक्टर, सब सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में पुलिस भर्ती परीक्षा दोनों पालियों में शांतिपूर्ण ढंग से खत्म हुई। डीएम एसपी के अलावा परीक्षा के नोडल अफसर एएसपी सुशील कुमार सिंह एवं अन्य अधिकारी भी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते रहे।
दो घंटे पहले अभ्यर्थियों को दिया गया प्रवेश
पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने आए अभ्यर्थियों को दो घंटे पहले से ही प्रवेश देना शुरू कर दिया गया। सभी का पहले गेट पर नियमानुसार बायोमेट्रिक जांच कराया गया। उसके बाद परीक्षा कक्ष के भीतर प्रवेश की अनुमति दी गई।
मेटल डिटेक्टर की जांच से गुजरे अभ्यर्थी
केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों को पुलिस की सघन जांच से गुजरना पड़ा। मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद गेट के भीतर प्रवेश की अनुमति दी गई। महिला अभ्यर्थी को सिर्फ मंगलसूत्र पहनकर जाने की अनुमति थी। इसके अलावा किसी भी अभ्यर्थी को पहचान पत्र, प्रवेशपत्र और पेन के अलावा कुछ भी लेकर जाने नहीं दिया गया। इसके अलावा छात्रों की बेल्ट, घड़ी आदि भी गेट पर ही उतरवा दिया गया।
गेट के बाहर बैठे रहे अभिभावक और अन्य परीक्षार्थी
पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने आए अभिभावकों को भी अपने पाल्यों के इंतजार में कई घंटे तक परीक्षा केंद्र के बाहर बैठकर इंतजार करना पड़ा। वहीं जो अभ्यर्थी दूसरी पाली की परीक्षा में शामिल होने के लिए समय से पहले आ गए थे उन्हें भी गेट के बाहर समय काटना पड़ा। परीक्षा छूटने के बाद लोग केंद्र से निकले।
परीक्षा छूटने के बाद कुछ स्थानों पर लग गया जाम
पुलिस व प्रशासन की तरफ से यातायात व्यवस्था को सही रखने के लिए कड़ा प्रबंध किया गया था। जिससे परीक्षार्थियों एवं लोगों को आने-जाने में किसी भी तरह के परेशानी का सामना न करना पड़े। सभी चौराहों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया था। इसके बाद भी शहर के कुछ स्थानों पर परीक्षा छूटने के बाद जाम की स्थिति बन गई। पुलिस की तत्परता की वजह से तत्काल बहाल भी हो गई।
जिले के सभी केंद्रों पर पुलिस भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई है। दोनों पालियों में 1247 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ी है। किसी भी केंद्र से कोई शिकायत नहीं आई है।
- महेंद्र सिंह तंवर, डीएम