कच्ची शराब के ठिकानों पर छापा
धधक रही 12 शराब की भट्ठियां तोड़ीं, दो क्विंटल लहन किया नष्ट
सिर्फ पर्व और चुनाव में धंधेबाजों पर कार्रवाई का रहता है अधिक जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। शुक्रवार को धनघटा पुलिस ने घाघरा के किनारे चपरा पूर्वी और उसके आस-पास जगहों पर छापा मारा। पुलिस ने काफी मात्रा में लहन बरामद किया और अवैध शराब की भट्ठियां तोड़ीं, लेकिन कोई आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आया।
क्षेत्र में कच्ची शराब बनाने व बेचने का धंधा बंद होने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस व आबकारी विभाग का दावा है कि धंधेबाजों पर कार्रवाई की जाती है। होली हो या दिवाली अथवा चुनाव इस मौके पर पुलिस कच्ची शराब बनाने वालों के विरुद्ध अभियान जरूर चलाती है। शुक्रवार की सुबह होते नायब दरोगा पवन कुमार सिपाहियों के साथ घाघरा नदी के किनारे पहुंच गए। जहां पुलिस के हाथ कच्ची शराब बनाने वाले नहीं लगे, लेकिन धधक रहीं 12 भट्ठियां मिलीं। जिन्हें तोड़ने के बाद पुलिस ने दो क्विंटल से अधिक लहन को नष्ट कर दिया। एसओ आरके गौतम ने बताया कि कच्ची शराब बनाने वाले भाग निकले। भट्ठियाें व लहन को नष्ट कर दिया गया है। यह अभियान जारी रहेगा।