संतकबीरनगर। पुलिस लाइंस सभागार में एसपी सत्यजीत गुप्त ने कानून व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान विवेचनाओं को शीघ्र निस्तारित करने के साथ ही अपराधियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया।
एसपी सत्यजीत गुप्त ने कहा कि जिले में घटित आपराधिक घटनाओं व पंजीकृत अभियोगों तथा लंबित विवेचनाओं को गुण-दोष के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए। वांछित आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर जेल भेजा जाए। महिला संबंधी अपराधों को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। शातिर बदमाशों को चिन्हित कर उनकी हिस्ट्रीशीट खोलने, गुंडा एक्ट के अन्तर्गत जिला बदर की कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया। आपरेशन कनविक्शन के तहत गंभीर अपराधों, हत्या दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट, लूट आदि में दर्ज केस में प्रभावी पैरवी कर आरोपियों को अधिक से अधिक सजा दिलाने पर जोर दिया। साथ ही चोरी, नकबजनी व वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया। ऑपरेशन त्रिनेत्र अभियान के तहत अपने-अपने थानाक्षेत्र में महत्वपूर्ण स्थानों, प्रतिष्ठानों, गांवों आदि में लोगों से संपर्क स्थापित कर ज्यादा से ज्यादा संख्या में सीसीटीवी कैमरा सड़क मार्ग को कवर करते हुए लगवाने के लिए कहा।
इस दौरान एसपी ने सैनिक सम्मेलन कर थानों व शाखाओं से आए पुलिसकर्मियों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली और निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर सीओ ब्रजेश सिंह, सीओ केशवनाथ आदि मौजूद रहे।