संतकबीरनगर। भूमि बेचने के नाम पर 24 लाख रुपये की कथित ठगी और जालसाजी के मामले में कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन का सौदा करने, रकम लेने के बाद बैनामा न करने तथा पीड़िता को धमकाने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेंद्र गिरी निवासी ग्राम बांसपार, थाना गीडा, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। उसे रविवार को मगहर स्थित दुर्गा मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ कोतवाली खलीलाबाद में जालसाजी, धोखाधड़ी, कूटरचना और धमकी समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक, 11 जून 2026 को खलीलाबाद निवासी गुड्डी गुप्ता ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आरोपियों ने उनसे 40 लाख रुपये में भूमि बेचने का सौदा किया था। सौदे के तहत उन्होंने 24 लाख रुपये एडवांस दिए जिसमें 16 लाख रुपये ऑनलाइन और आठ लाख रुपये नकद शामिल थे।
आरोप है कि अग्रिम राशि लेने के बाद आरोपियों ने लगातार बहाने बनाकर भूमि का बैनामा नहीं कराया और शेष धनराशि की मांग करते रहे। पीड़िता का यह भी आरोप है कि सौदे के दौरान कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उनके साथ धोखाधड़ी की गई। जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
तहरीर के आधार पर कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। जांच के दौरान वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे आगे की कार्रवाई करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।