महुली क्षेत्र के सीएचसी नाथनगर की तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
महुली क्षेत्र के सीएचसी नाथनगर में सोमवार को आशा कार्यकर्ताओं और एएनएम की बैठक में से ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर को सादे कपड़े में आए कार सवार तीन लोग फिल्मी अंदाज में साथ ले गए।
देखते ही देखते अपहरण की चर्चा फैल गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। जांच में पता चला कि एक मुकदमे में आरोपी बनाए जाने की वजह से बीपीएम को प्रयागराज पुलिस अपने साथ ले गई। बीपीएम को उठाकर ले जाने के तरीके से साथी स्वास्थ्य कर्मियों में पुलिस के खिलाफ रोष व्याप्त है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाथनगर की दूसरे मंजिल नियमानुसार सोमवार को आशा कार्यकर्ताओं व एएनएम की बैठक हो रही थी। इसमें ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर अमित कुमार सोनकर भी थे। तभी दो लोग वहां पहुंचे और ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर अमित कुमार को किनारे बुलाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ मिनट बात करने के बाद वापस भेज दिया। फिर दोनो दोबारा आए और अमित कुमार को बुलाया। ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर को साथ लेकर नीचे उतरे। परिसर में खड़ी कार जिसे चालक पहले से स्टार्ट किए था, उसमें जबदस्ती बैठाया जाने लगा।
इस पर ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर ने शोर मचाया तो आसपास के लोग दौड़े। इसी दौरान कार में मौजूद लोगों ने हाथों में असलहा लहराते हुए कार लेकर विश्वनाथपुर की तरफ लेकर चले गए।
सूचना पर स्थानीय पुलिस भी पहुंची। इधर पीड़ित पिता छेदीलाल सोनकर कार सवार अज्ञात लोगों के जरिए बेटे को उठा ले जाने की सूचना देने एसपी कार्यालय पहुंचे थे। एसओ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर अमित कुमार सोनकर की पत्नी ने प्रयागराज के करनैलगंज थाने में धोखाधड़ी करके शादी कर लेने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। इसी मामले में आरोपी बनाए गए अमित कुमार को प्रयागराज के करनैलगंज थाने की पुलिस ले गई। इनके अपहरण की सूचना गलत है।