लोहरौली। बुआई के समय में किसानों को खाद के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। इसके चलते किसान परेशान हैं। दुधारा थानाक्षेत्र के परसा झकरिया साधन सहकारी समिति पर किसानों की इतनी भीड़ हो गई कि पुलिस बुलानी पड़ी। मुकामी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खाद का वितरण कराया।
साधन सहकारी समिति परसा झकरिया बसडीला में खाद के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। जो लोग समिति के सदस्य नहीं हैं, वे भी पहले खाद लेने के लिए अड़े हुए थे। सचिव ने जब खाद देने के लिए समिति को खोला तो भीड़ हंगामा करने लगी। नतीजा यह हुआ कि सचिव को पुलिस बुलाकर खाद का वितरण करवाना पड़ा।
उजरौटी खुर्द के निवासी रजनीश कुमार बताते हैं कि बुआई के लिए खाद लेने भारी संख्या में लोगों की भीड़ लगी हुई थी। सभी पहले खाद पाने की होड़ में लगे हुए थे। इसके बाद सचिव ने पुलिस की मदद लेकर जरूरतमंदों को खाद का वितरण कराया। इस दौरान डब्ल्यू पांडेय, अर्जुन पांडेय, गिरजाशंकर चौरसिया, रजनीश, विशाल, योगेन्द्र प्रसाद, रमेश, संदीप, रामशंकर, अजय, खलीफा आदि ने बताया कि उनको खाद लेने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।