संतकबीरनगर। आगामी त्योहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइंस में बलवा मॉकड्रिल की गई। इस पूर्वाभ्यास में जनपद के सभी थाना प्रभारियों, निरीक्षकों एवं पुलिस बल ने हिस्सा लिया। पुलिस टीम ने त्योहारों के दौरान किसी भी आकस्मिक या प्रतिकूल स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने का गुर सीखा।
मॉकड्रिल के दौरान पुलिसकर्मियों को दंगा नियंत्रण उपकरणों जैसे हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, ढाल, लाठी एवं टियर गैस के सुरक्षित और प्रभावी उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाइन फॉर्मेशन, वेज फॉर्मेशन एवं हाफ मून फॉर्मेशन का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।
अधिकारियों ने पुलिस बल को भीड़ प्रबंधन, आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा स्थानीय अभिसूचना इकाई, महिला पुलिस, पीआरबी 112 एवं स्थानीय पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के समय शांति एवं जनसुरक्षा बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है।