धनघटा। महुली थाना क्षेत्र के सुक्खीपुर गांव में मंगलवार अपराह्न एक जनरल स्टोर के गल्ले से 75 हजार रुपये उड़ाने वाले दोनों उचक्कों को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक तथा 16 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इन दोनों पर कुल 31 केस दर्ज हैं और गैंगस्टर की कार्रवाई भी हो चुकी है।
महुली थाना क्षेत्र के सुक्खीपुर गांव में मंगलवार को राहुल पुत्र भगौती जरूरी काम से महुली गए थे। दुकान पर उनकी भतीजी मोनिका बैठी थी। इसी दौरान एक बाइक पर दो लोग पहुंचे। इन लोगों ने उससे तेल की मांग की। मोनिका जैसे ही तेल लेने के लिए पीछे मुड़ी। इसी दौरान यह दोनों बदमाश काउंटर के गल्ले में रखा 75 हजार रुपया निकालकर बाइक लेकर भागने लगे। इस बीच मोनिका के चीखने चिल्लाने पर भारी संख्या में लोग पहुंच गए।
लोगों ने उनकी पहचान थाने के हिस्ट्रीशीटर अनूप सिंह उर्फ मंगल सिंह तथा सूरज सिंह के रूप में की। इस मामले में दुकानदार राहुल ने हिस्ट्रीशीटर अनूप सिंह उर्फ मंगल सिंह निवासी गायघाट एवं सूरज सिंह निवासी पिपरा के खिलाफ केस दर्ज कराया था।