बेलहरकला पुलिस ने की कार्रवाई, पडिया गांव में युवती का मंगलसूत्र छीनकर भाग गए थे आरोपी
संतकबीरनगर। थाना बेलहरकला पुलिस ने झपटमारी के मामले में तीन आरोपियों को दबोचा है। क्षेत्र के पडिया गांव में दुकान पर बैठी युवती का मंगलसूत्र छीनकर लगभग डेढ़ माह पूर्व आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एसओ अनिल कुमार ने बताया कि थाने पर 23 फरवरी को क्षेत्र के पडिया गांव निवासी भजुराम ने तहरीर दी कि उनकी पुत्री घर के सामने स्थित गुटखे-सिगरेट की दुकान पर बैठी थी। अचानक तीन व्यक्ति एक मोटरसाइकिल से गुटखा लेने के लिए रुके। दो मोटरसाइकिल पर बैठे थे और एक उनकी पुत्री के पास गुटखा व सिगरेट लेने के बाद अचानक उनके पुत्री का मंगलसूत्र झपट कर भाग गया।
प्राप्त प्रार्थनापत्र के आधार पर थाना बेलहरकला पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस टीम आरोपियों को ट्रेस करने में जुटी थी। पुलिस टीम ने शुक्रवार को घटना में संलिप्त आरोपी अरुण निवासी बरई टोला वार्ड नंबर-3, मोहम्मद अफजल उर्फ दोने निवासी पठान टोला वार्ड नंबर-14, राज जायसवाल निवासी मोतीनगर वार्ड नंबर-22 थाना कोतवाली खलीलाबाद को जंगल बेलहर के पास से गिरफ्तार किया। उनके पास से झपटमारी का लॉकेट पीली धातु बरामद कर समस्त विधिक कार्रवाई पूरी करके संबंधित न्यायालय भेज दिया गया। जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार रवाना कर दिया गया।