संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के मड़या स्थित 400 केवीए ट्रांसफाॅर्मर से तेल चोरी की घटना हुई। पुलिस ने अवर अभियंता अमित सिंह की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया कि खलीलाबाद विद्युत उपकेंद्र पर तैनात जेई अमित सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 20 मार्च को शाम 5:00 बजे लाइनमैन मोती सिंह ने उनके मोबाइल पर मड़या काली मंदिर के पास स्थित 400 केवीए ट्रांसफाॅर्मर से तेल चोरी होने की सूचना दी। इसके बाद वह तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि ट्रांसफॉर्मर का वाल्व खोलकर 400 लीटर तेल चोरी कर लिया गया है। इसकी सूचना यूपी-112 पर दी गई। कोतवाल ने बताया कि जेई की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच के लिए पुलिस टीम को लगा दिया गया है।