दो अंतरजनपदीय चोर पकड़े गए
- चोरी लैपटॉप और मोबाइल, बाइक, गांजा व कट्टा-कारतूस बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। महुली पुलिस ने शनिवार को पलदहा पोखरा तिराहे के पास से दो अंतरजनपदीय चोर को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों के पास से चोरी का लैपटॉप, बाइक, दो अदद मोबाइल, कट्टा, कारतूस, एक किलो तीन सौ ग्राम गांजा बरामद किया गया।
एसओ रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 29 अगस्त की देर रात को शनिचरा बाबू निवासी ह्दय लाल पुत्र बुझावन के घर में घुसकर चोरों ने लैपटॉप और दो मोबाइल फोन चुरा लिया था। जिसका मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले में जांच की जा रही थी। इसी बीच सर्विलांस से चोरों की मौजूदगी का लोकेशन मिला। उसी के आधार पर शनिचरा बाबू गांव के निकट पलदहवा पोखरा तिराहे के निकट घेरेबंदी करके दो चोरों को पकड़ा गया।
पूछताछ में पकड़े गए चोरों की पहचान बाल कृष्ण निवासी महुली तथा निखिल निवासी छितही के रूप में हुई। उनके पास से चोरी का एक लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, एक अदद बाइक, 12 बोर का कट्टा, कारतूस और थैले में रखा एक किलो तीन सौ ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में पकड़े गए चोरो ने बताया कि लैपटॉप और मोबाइल को 29 अगस्त की रात को शनिचरा बाबू में ह्रदय लाल के घर से चुराया था। जबकि बाइक को चार दिन पूर्व लालगंज थाना क्षेत्र से चुराया था।