- गायत्रीपुरम मोहल्ला में रविवार को दोपहर हुई थी घटना
- घटनास्थल के आसपास घरों में लगे सीसीटीवी फुटेज से आरोपितों की पहचान हुई तेज
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के गौसपुर के पास स्थित गायत्रीपुरम मोहल्ला में उचक्कों ने सफाई के नाम पर करीब सात लाख रुपये की कीमत के जेवरात उड़ा दिए। रविवार की दोपहर हुई इस घटना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर घटना की जांच पड़ताल में जुट गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान में लगी है। देर रात को पुलिस ने मामले में पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित सोमेश पांडेय ने बताया कि दिन में लगभग 12:00 बजे उनके घर की बुजुर्ग महिला घर से बाहर बैठकर धूप सेक रही थीं। उसी दौरान दो लोग आए और उनको झांसे में लेकर सोना साफ करने के नाम पर सोने की एक चूड़ी, अंगूठी, कंगन, मंगलसूत्र साबुन से साफ करने की बात कहकर जबरदस्ती उतरवाकर एक घोल के साथ टिफिन में रख लिए और 15 मिनट में वापस आने की बात कहकर चले गए। 15 मिनट बाद चेक करने पर टिफिन से सोने का जेवरात गायब था।
अगल-बगल खोजबीन व तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चल पाया। कोतवाल जेपी दूबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की जांच के लिए लगाया गया है। कुछ फुटेज में आरोपी कैद हुए हैं। उनकी पहचान का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।