एसपी शैलेष कुमार पांडेय ने पत्रकार वार्ता में बताया कि महुली क्षेत्र के जयरामपट्टी निवासी भीम वर्मा पुत्र कृष्ण सेवक वर्मा ने 20 फरवरी की रात सूचना दिया कि वह गहना आदि बनाने का कारीगर है।
मेंहदावल से खलीलाबाद जाते समय रास्ते में बखिरा क्षेत्र के हावपुर भड़ारी चौराहे से 500 मीटर पहले बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उसे रोक कर 60 ग्राम सोना, 8000 नकदी और मोबाइल लूट लिया।
खबर पर वह और एएसपी के अलावा एसओ ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल किया था। 21 फरवरी को कारीगर भीम वर्मा की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का केस दर्ज किया गया।
आगे बताया कि एएसपी के निर्देशन में सीओ और एसओ बखिरा को घटना के पर्दाफाश के लिए लगाया। पुलिस की जांच में घटना संदिग्ध प्रतीत होने लगी।
विवेचना से यह तथ्य सामने आया कि भीम वर्मा कुछ व्यापारियों से उधार में लिए गए सोना को हड़प करना चाहता है। उसी वजह से उसने लूट की फर्जी कहानी गढ़ी है।
एसओ बखिरा दिनेश यादव ,गोला बाजार चौकी इंचार्ज राजकुमार यादव की संयुक्त टीम ने हरदी पुलिया के पास से कथित लूट में लूटे गए 43 ग्राम सोना के साथ भीम वर्मा और उसके साथी अजीत वर्मा निवासी बनौली थाना सहजनवा जिला गोरखपुर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में भीम वर्मा ने बताया कि वह कई व्यापारियों का करीब 200 ग्राम सोना और 50000 रुपये कर्ज है। साथी अजीत वर्मा की खलीलाबाद में हनुमानगढ़ मंदिर के पास सोने-चांदी की दुकान है।
जहां वह काम करता है। अजीत वर्मा से भी उसने 20 ग्राम सोना उधार लिया था,जिसे चुकता नहीं कर पा रहा था। कर्ज में लिए गए रकम को न चुकता करना पड़े ,इस लिए उसने खुद लूट की फर्जी कहानी रची थी।
जबकि उसी दिन 43 ग्राम सोना को उसने अजीत वर्मा को दे दिया था और सोना लेकर वह खलीलाबाद चला गया था।
अजीत वर्मा ने बताया कि वह भीम वर्मा को अपना उधार में दिए सोना को हासिल करने के लिए घटना में उसका सहयोग किया।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के खिलाफ साजिश रचने, धोखाधड़ी करने, गबन और फर्जी लूट का मुकदमा दर्ज कराने के आरोप में केस दर्ज करते हुए जेल भेज दिया गया।
लूट की फर्जी घटना का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को 5000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया।