शहर के एक मार्ट में बिक रहा सामान।
संतकबीरनगर। शहर खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने छापा मारकर बड़ी मात्रा में खाने पीने का एक्सपायर हो चुका सामान बरामद किया था। टीम ने करीब 30 कुंतल पापड़ एक्सपायरी डेट का बरामद किया था। एक्सपायर सामान को मौके पर नष्ट करा दिया। इसके साथ ही कुछ माह पहले टीम ने एक मार्ट से बिस्किट और नमकीन एक्सपायरी डेट का बरामद किया था।
अगर आप सामान खरीद रहे है तो उसकी भली भाति जांच भी कर लें, नहीं तो दुकानदार आपको एक्सपायरी डेट का सामान बेच देंगे। जो स्वास्थ्य पर भी असर डाल सकता है। खलीलाबाद शहर में किराना व्यापारी ने बताया कि बिना स्टीकर वाला नमकीन गली-मोहल्ले के जनरल स्टोर पर खूब बिकती है। जार में रखकर बिक रही इस नमकीन को मध्यम आय वर्ग वाले लोग सस्ता होने के चलते खरीद लेते हैं। चूंकि इस पर कोई उत्पादन या एक्सपायरी डेट नहीं होता, इसलिए इस पर कोई आपत्ति भी नहीं करता।
आमतौर पर इसके खरीदार 100 ग्राम से लेकर 250 ग्राम तक वाले ही होते हैं, इसलिए इसकी खपत भी जल्द हो जाती है। खाने वाले को तत्काल कोई दिक्कत नहीं होती तो धंधे में भी कोई परेशानी नहीं आती।
इसके साथ ही मॉल और मार्ट में भी एक्सपायरी डेट का सामान बिकता है। हालांकि जहां पर एक्सपायरी डेट लिखा होता है उस जगह पर धंधेबाज स्टीकर लगा देते हैं। यह खेल ज्यादातर हर दुकानों पर चल रहा है। क्योंकि थोक में एक्सपायरी डेट का सामान खरीद लेते हैं और उसे बाजार में बेच देते हैं।