संतकबीरनगर। परिवहन विभाग की पहल के बाद 40 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए चार चिकित्सकों का पैनल गठन कर आईडी बनाया गया है। जिसमे सीएमओ, दो डिप्टी सीएमओ और एक आई स्पेशलिस्ट शामिल हुए हैं।
यह लोग आवेदक का परीक्षण करने के बाद ऑनलाइन स्वास्थ्य प्रमाणपत्र जारी करेंगे। जिसके बाद चालकों का लाइसेंस एआरटीओ कार्यालय जारी करेगा।
बेहतर सुविधा देने के लिए परिवहन विभाग की ज्यादातर सेवाएं ऑनलाइन किया गया है। ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के लिए दिए जाने वाले स्वास्थ्य प्रमाण पत्र को भी ऑनलाइन किया जा चुका है।
नियम के अनुसार दो पहिया व चार पहिया वाहन का लाइसेंस बनवाने या रिन्यू करवाने के लिए 40 वर्ष या इससे अधिक उम्र के चालक का स्वास्थ्य प्रमाण पत्र लगता है। वही हैवी लाइसेंस के लिए आवेदन करने वाले हर उम्र के लोगों का हेल्थ सर्टिफिकेट आवश्यक है। इसके लिए आवेदक किसी भी सरकारी डॉक्टर से स्वास्थ्य प्रमाणपत्र जारी कराकर एआरटीओ कार्यालय में जमा करता था।
इस व्यवस्था में फर्जीवाड़ा को देखते हुए विभाग ने बंद करके इसे भी ऑनलाइन कर दिया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सीएमओ डॉ. रामानुज कन्नौजिया, डिप्टी सीएमओ आरपी मौर्य व महेंद्र प्रसार एवं नेत्र चिकित्सक डॉ. शिवानंद सिंह की आईडी बनी है जो नियमानुसार लाइसेंस आवेदकों का स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनाकर ऑनलाइन आवेदन पर आपलोड करेंगे।
जिसके बाद 40 वर्ष अथवा इससे ज्यादा एवं हैवी लाइसेंस के आवेदकों का एआरटीओ विभाग की तरफ से लाइसेंस जारी किया जाएगा।