संतकबीरनगर। श्रावण मास और आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। महुली थाना पुलिस ने सोमवार को तेज आवाज में डीजे बजाते हुए जा रहे एक पिकअप को रोककर उस पर लगे डीजे सेट समेत सीज कर दिया। चालक वाहन के आवश्यक अभिलेख और ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं दिखा सका।
पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार पाण्डेय पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त पर थे। इसी दौरान मोलनापुर की ओर से एक पिकअप अत्यधिक तेज ध्वनि में डीजे बजाते हुए आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की तो चालक वाहन के आवश्यक कागजात और ड्राइविंग लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन और उस पर लगे डीजे सेट को सीज कर दिया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि श्रावण मास एवं आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी थाना प्रभारियों को सतर्कता के साथ अभियान चलाने के निर्देश हैं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन कर तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।