संतकबीरनगर। नर्सिंग छात्रा की मौत मामले में नया मोड़ आ गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्रा की मौत फंदे से लटकने के कारण होने की पुष्टि हुई है। पुलिस प्रेम-प्रसंग में जान देने की बात कह रही है तो परिजन एक युवक और उसकी सहेली पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस छात्रा का मोबाइल अपने कब्जे में लेकर कॉल डिटेल, चैट, सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला रही है। वहीं युवक को थाने में बैठाकर पूछताछ कर रही है जबकि युवती की सहेली से पूछताछ करके छोड़ दी है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के गोरखल मोहल्ले में किराए के कमरे में रहकर नर्सिंग की तैयारी कर रही 24 वर्षीय युवती की शनिवार देर रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। युवती को उसकी सहेली जिला अस्पताल लेकर पहुंची जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वह हैंसर बाजार थाना धनघटा की रहने वाली थी। करीब पांच साल से घोरखल मोहल्ले में किराए के मकान में रहकर नर्सिंग की तैयारी कर रही थी। उसी मकान में उसकी सहेली भी अलग कमरे में रहती थी। करीब तीन महीने पहले उसकी छोटी बहन सोनाक्षी भी उसके साथ रहने आई थी लेकिन चार दिन पहले किसी आवश्यक कार्य से गांव चली गई थी।
युवती की मां ने पुलिस को तहरीर देकर उसकी सहेली और एक युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रविवार को तीन चिकित्सकों के पैनल ने पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्रा की मौत फंदे से लटकने के कारण होना बताया गया है। पुलिस अब घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
उधर, जांच के दौरान पुलिस ने छात्रा के परिजनों, सहेली और अन्य करीबी लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। युवक को कोतवाली में बैठाकर पूछताछ कर रही है। कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिग आया है। घटना के संबंध में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएगा उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। युवती का मोबाइल कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना से पहले छात्रा और आरोपी के बीच क्या बातचीत हुई थी। मोबाइल से मिलने वाले डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी प्रकार का उत्पीड़न, धमकी या आत्महत्या के लिए उकसाने के प्रमाण मिलते हैं तो संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
मां ने युवक पर दुष्कर्म के बाद हत्या का लगाया आरोप
मृतका की मां ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपी युवक पर दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, उनकी बेटी घोरखल में रहकर किराए पर कमरा लेकर मेडिकल व अन्य प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। एक अगस्त की रात में बेटी के बगल में बखिरा थाना क्षेत्र की रहने वाली लड़की ने सूचना दी थी कि आरोपी युवक ने दुष्कर्म के बाद हत्या कर दिया है। सूचना पाकर वह अपने परिजनों के साथ कमरे पर पहुंची तो पता चला कि जिला चिकित्सालय लेकर बेटी को गए हैं। बेटी को मृत देखकर वह गहरे सदमे में चली गई। बेटी को दोनों ने मिलकर मारा है।
बेटी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र में धनघटा इलाके की निवासी छात्रा की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। बेटी की मौत से परिजन दहाड़ मारकर रो रहे थे। परिजन क्षेत्र के एक युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। परिजनों का कहना है कि क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक का बराबर आना-जाना लगा रहता था। आरोप है कि छात्रा की हत्या कर दी गई। बेटी की मौत पर मां का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के घर पर पहुंचे लोगों का कहना था कि उसकी हत्या की गई है। उसका हत्यारा क्षेत्र का ही रहने वाला है।