बाल वाटिका के माध्यम से बच्चों को मिलेगी सुविधा
मेंहदावल। निजी स्कूलों की तर्ज पर अब परिषदीय विद्यालयों में भी प्ले ग्रुप और यूकेजी की पढ़ाई कराई जाएगी। यह सुविधा बाल वाटिका के माध्यम से बच्चों को उपलब्ध होगी। इसका उद्देश्य परिषदीय स्कूलों को निजी विद्यालयों के समकक्ष खड़ा करना है।
बीईओ महेंद्रनाथ त्रिपाठी ने बताया कि ब्लॉक में 97 प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों में बाल वाटिका के जरिये बच्चों को रोचक गतिविधियों के माध्यम से अंक और शब्दों का ज्ञान कराया जाएगा। यह राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है।
उन्होंने बताया इसमें पहली कक्षा में प्रवेश के लिए बच्चे की न्यूनतम आयु 6 वर्ष निर्धारित की गई है। इसी के चलते पूर्व-प्राथमिक शिक्षा की आवश्यकता को समझते हुए यह पहल की जा रही है। जिन परिषदीय विद्यालयों में पहले से आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, वहां बाल वाटिका एक से लेकर बाल वाटिका तीन तक की गतिविधियां संचालित होंगी।
इन बच्चों को मिड डे मील जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी। उन्होंने बताया कि यह नई व्यवस्था पूर्व प्राथमिक शिक्षा कार्यक्रम के दौरान बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत करने और उन्हें स्कूली माहौल से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।