संतकबीरनगर/ मेंहदावल। जिले में पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की किल्लत अब भी बनी हुई है। सहालग के समय में इस किल्लत के कारण लोगों को काफी दुश्वारियां झेलनी पड़ रही हैं। शुक्रवार को दो वाहनों से लगभग 840 सिलिंडर वितरण के लिए मेंहदावल स्थित एजेंसी पर आए, जबकि भीड़ 2000 के ऊपर रही। ऐसे में लोग काफी परेशान रहे। सिलिंडर कई दिनों से न मिलने से नाराज नगर के एक वार्ड के लोगों ने हाॅकर से विवाद कर लिया। चर्चा है कि वहां मारपीट भी हुई।
मेंहदावल नगर में स्थित शिवांशु गैस सर्विस पर उपभोक्ताओं का दबाव दिन प्रतिदिन तेजी से बढ़ रहा है। गैस सिलिंडर की आपूर्ति कम होती जा रही है। उपभोक्ताओं की भीड़ बढ़ती जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं के हाथ गैस सिलिंडर बुकिंग के बाद भी नहीं लग रहा है। इसका नतीजा है कि आक्रोश बढ़ रहा है।
शुक्रवार को ब्रह्मचारी वार्ड के गैस उपभोक्ताओं का एजेंसी पर हाकर से विवाद का मामला सामने आया है। उपभोक्ता हाकर पर ब्रह्मचारी वार्ड में आकर गैस सिलिंडर वितरण न करने का आरोप लगा रहे थे। बुकिंग के 15 दिन बाद भी गैस सिलिंडर न मिलने की शिकायत वह एजेंसी के कर्मचारियों तथा हाकर से कर रहे थे, जिसको लेकर विवाद हो गया। स्थिति दिन प्रतिदिन बिगड़ रही है। यहां पर गैस सिलिंडर की आपूर्ति भी धीरे-धीरे कम हो रही है, जिससे स्थिति और विकट हो रहा है।
बिना बुकिंग तथा ओटीपी के गैस सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं। बुकिंग के बाद भी जिन उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। वह कर्मचारियों पर मनमानी का आरोप लगा रहे हैं। कस्बा निवासी कुतुबुद्दीन, बृजेश कुमार आदि ने बताया कि ब्रह्मचारी वार्ड में पहले हाकर आकर गैस सिलिंडर की डिलीवरी करते थे, लेकिन इस समय एजेंसी के बगल में ही प्रभावशाली लोगों को गैस सिलिंडर का वितरण कर रहे हैं आम उपभोक्ता परेशान हो रहा है। जिन उपभोक्ताओं ने 15 दिन से गैस सिलिंडर की ऑनलाइन बुकिंग तथा ओटीपी प्राप्त कर लिया है, उन्हें भी सिलिंडर लेने में पसीना छूट रहा है।
0000000000000000000000
इंडियन ऑयल के पंप पर शुरू हुई डीजल-पेट्रोल की किल्लत
मेंहदावल। नगर पंचायत क्षेत्र में स्थित इंडियन ऑयल के एक पंप पर शुक्रवार को पेट्रोल व डीजल न होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। डीजल-पेट्रोल न होने से पंप ड्राई हो गया है।
रोडवेज बस स्टैंड के समीप स्थित पंप पर शुक्रवार को पेट्रोल-डीजल की कमी से उपभोक्ता परेशान रहे। हालत यह है कि दिन प्रतिदिन क्षेत्र में डीजल-पेट्रोल की कीमत बढ़ती जा रही है, जिससे लगन के इस मौसम में लोगों की परेशानी बढ़ गई है।