सांथा ब्लॉक के मुसहरा गांव के कार्डधारकों ने बुधवार को मेंहदावल तहसील पर पंहुच कर कोटेदार के खिलाफ प्रदर्शन किया। लामबंद गांव वालों ने कोटेदार की एसडीएम से शिकायत की। बाद में प्रार्थना देकर कार्रवाई की मांग दोहराई। कार्डधारकों का आरोप था कि उचित दर विक्रेता द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली में वितरण के लिए मिलने वाला राशन, चीनी और मिट्टी ठीक से बांटा नहीं जा रहा है। कोटेदार वितरण में काफी अनियमितता बरत रहा है। इससे पात्र कार्डधारक मिलने वाली सुविधाओं से वंचित हो रहे है।
कार्डधारकों ने बताया कि इससे पहले उन्होंने 28 अप्रैल को जिला पूर्ति अधिकारी से शिकायत किया था। जिस पर उन्होंने पूर्ति निरीक्षक मेंहदावल को जांच करने का निर्देश दिया था। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं किये जाने पर विगत दो मई को जिलाधिकारी से शिकायत हुई थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर कोटेदार की जांच उसके घर पर जाकर हुई, लेकिन कार्डधारकों की बात नहीं सुनी गई। इस पर आपत्ति जताते हुए कार्डधारकों को तहसील पर पहुंचकर प्रदर्शन करने को बाध्य होना पड़ रहा है।