धनघटा क्षेत्र के हडियामाफी गांव के प्रधान पर जानलेवा हमला करने वालों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रधान संघ की अगुआई में ग्रामीणों ने रविवार को थाने पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल लोगों का आरोप था कि प्रधान के हमलावरों पर पुलिस ने केस तो दर्ज किया, लेकिन उनकी गिरफ्तारी करने से पुलिस आखिर क्यों कतरा रही है। यदि जल्द आरोपी नहीं पकड़े गए तो वृहद आंदोलन छेड़ा जाएगा।
हडियामाफी गांव के प्रधान सेराज अहमद का आरोप था कि 27 अक्टूबर की रात जब वह गोविंदगंज बाजार से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहे थे । गांव के करीब पहुंचने पर उनके पीछे से उनके ऊपर ताबडतोड फायर की गई । गोली तो उन्हें नही लगी, लेकिन वह सहम कर गिर पडे और हमलावर भाग निकले। प्रधान ने कहा कि इस मामले में गांव के दो लोगों के विरुद्ध जान से मारने के प्रयास का केस पुलिस दर्ज की है, लेकिन अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं की। दूसरी तरफ प्रधान के हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने पर प्रदर्शन करने पहुंचे प्रधान संतराम शर्मा, प्रदीप पांडेय, धन्नजय पांडेय, विक्रम, नईम, फरीदा खातुन, राजदेई, अनिल आदि का आरोप था कि हमलावर खुलेआम घूम रहे है और पुलिस नजरंदाज कर रही है। यदि जल्द प्रधान के हमलावरों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो प्रधान संघ के लोग आंदोलन करेगें। लोगों ने बताया कि पुलिस ने मामले में जल्द कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।