संतकबीरनगर/ मेंहदावल। तेज धूप और उमस भरी गर्मी के चलते मंगलवार को लोग बेहाल रहे। सुबह से ही चटख धूप के कारण अधिकतर लोग घरों से निकलने में परहेज किए। जिन्हें बहुत जरूरी था, वह लोग निकले और कार्य पूरा कर जल्दी ही घर लौट गए। इस दौरान लोग धूप और गर्मी से बचने के लिए मुंह पर गमछा बांधे रहे।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। सुबह से ही तेज धूप निकलने से लोग बेहाल नजर आए। कई लोग मेंहदावल बाईपास पर ओवरब्रिज के नीचे खुद को गर्मी से बचाव के लिए रुकने को मजबूर हुए। अस्पतालों में भी मरीजों की तादाद बढ़ गई है।
मेंहदावल प्रतिनिधि के अनुसार जून महीने के अंतिम सप्ताह में पड़ रही भीषण गर्मी और उमस का असर अब आम लोगों की सेहत पर भी दिखने लगा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इन दिनों बुखार, उल्टी-दस्त, डिहाइड्रेशन, वायरल संक्रमण और पेट संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या में काफी वृद्धि दर्ज हो रही है। अस्पताल में मरीजों की काफी संख्या उपचार के लिए पहुंच रही है। सुबह से ही ओपीडी में मरीजों की लंबी कतारें लग रही हैं। बढ़ती भीड़ के कारण स्वास्थ्यकर्मियों पर भी कार्य का भार बढ़ गया है।
चिकित्सकों के अनुसार इस समय उमस भरी गर्मी, तेज धूप, अत्यधिक गर्मी और मौसम में हो रहे बदलाव के चलते लोग विभिन्न मौसमी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आईडी गौरव ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। अधिकांश मरीज गर्मी व जल जनित बीमारियों और संक्रमण संबंधी समस्याओं से ग्रसित हैं। चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी जा रही है। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, ताजा व हल्का भोजन करने तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए।
00000000000000000000
मौसम में अभी तल्खी बने रहने की संभावना है। पारा अभी और चढ़ सकता है। अगले सप्ताह में बारिश की संभावना है। इससे थोड़ी राहत मिल सकती है।
-अमरनाथ मिश्र, मौसम वैज्ञानिक, कुमारगंज अयोध्या