मेंहदावल। नगर पंचायत में अतिक्रमण बढ़ रहा है। लोग अतिक्रमण कर सड़क तक घेर ले रहे हैं, लेकिन नगर पंचायत प्रशासन मूकदर्शक बना है। इसका नतीजा यह है कि नगर क्षेत्र की सड़कें अतिक्रमण की चपेट में हैं, और आवागमन करने में लोगों को हर दिन सड़क जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी जिम्मेदार नहीं सचेत रहे हैं।
वर्तमान में मेंहदावल नगर पंचायत अतिक्रमण की चपेट में है। नगर क्षेत्र की एक भी सड़क ऐसी नहीं है जिस पर अतिक्रमण न हो। नगर पंचायत प्रशासन भवन निर्माण के लिए जारी प्रारूप में नाली से 5 फीट पीछे निर्माण का आदेश पारित करता है, लेकिन धरातल पर नगर पंचायत का यह आदेश हवा हवाई साबित हो रहा है। जिम्मेदारों की लापरवाही के कारण मेंहदावल नगर पंचायत की सूरत और सीरत दोनों बिगड़ रही है।
नगर पंचायत में रहने वाले लोग भवन निर्माण नालियों की दीवार के ऊपर से कर रहे हैं, लेकिन नगर पंचायत प्रशासन इस मामले में ठोस कदम उठाने की जगह लापरवाह बना है। इसका नतीजा यह है कि नगर पंचायत क्षेत्र के चौक बाजार नायक टोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौराहा से अंजाहिया बाजार पंचायत कार्यालय से नगर वाली माता मंदिर मार्ग चौक बाजार लोहा मंडी समेत कई मुख्य मार्गों पर जबरदस्त अतिक्रमण है।
नगर पंचायत निवासी आनंद पांडेय, सिद्धार्थ पांडेय, संजय कुमार गुप्ता, जयचंद, विनोद कुमार, वीरेंद्र कुमार अग्रहरि, सुरेंद्र अग्रहरि, भोलेनाथ निषाद आदि का कहना है कि नगर पंचायत प्रशासन के संरक्षण में कस्बे में अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है। शिकायत के बाद भी प्रशासन अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान नहीं चला रहा है।
ईओ पंकज कुमार का कहना है कि अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाया गया था, लेकिन वर्तमान में सड़कों पर अतिक्रमण का मामला संज्ञान में आया है। जल्द ही उच्च अधिकारियों से वार्ता कर अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाया जाएगा।