कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते बड़ेला गांव के लोग।
- फोटो : KHALILABAD
हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
- एक आरोपी को गिरफ्तार कर मामले को दबाने में जुटी है पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। हत्या के मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग लेकर बड़ेला गांव के लोगों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि हत्यारोपी मनबढ़ हैं और उन्हें राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, जिसकी वजह से पुलिस गिरफ्तार नहीं कर रही है। आरोपी सुलह के लिए दबाव बना रहे हैं और जानमाल की धमकी दे रहे हैं। ग्रामीणों ने डीएम को मांग पत्र भी सौंपा।
बड़ेला गांव निवासी बृजेश कुमार पुत्र सजनलाल का आरोप है कि उसके भाई जगदीश सात अक्तूबर को ड्यूटी करके खलीलाबाद से घर लौट रहे थे। कुर्थिया चौराहे पर आरोपियों ने हंटर गाड़ी से उसके ऊपर चढ़ा दी। अस्पताल ले जाते दौरान रास्ते में जगदीश की मौत हो गई। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपितों पर हत्या का केस दर्ज किया। पुलिस सिर्फ एक हत्यारोपी विकास पुत्र रामजी को गिरफ्तार कर जेल भेजा, जबकि अन्य आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर रही है। आरोप है कि अन्य आरोपित धमकी दे रहे हैं, जिससे परिवार के लोग सहमे हुए हैं। उन्होंने तीन दिन के अंदर आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजा गया तो परिवार के साथ अनशन और आत्मदाह करने की चेतावनी दी। डीएम दिव्या मित्तल ने एसपी को प्रार्थना पत्र संदर्भित करते हुए प्रकरण में न्योचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।