महुली चौराहे पर सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन करते कस्बे के लोग।
धनघटा। महुली बारीडीहा मार्ग पर स्थित महुली दक्षिण चौराहे पर अधूरे सड़क निर्माण को लेकर नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने सड़क को तत्काल पिच कराने की मांग की है। पिच नहीं कराने पर ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारी के कार्यालय के घेराव की चेतावनी दी है।
प्रदर्शन कर रहे मनमोहन चतुर्वेदी, जोगी, शैलेश, संजय, नागराज, मेराज आलम, जमील अहमद, संजय श्रीवास्तव, मुख्तार, मातादीन गुप्ता, मनोज गुप्ता, नदीम अहमद व अन्य का कहना है कि महुली बारीडीह मार्ग की लंबाई लगभग चार किलोमीटर है। सड़क की मरम्मत और पेंटिंग का काम एक पखवाड़ा तक किया गया। एक सप्ताह पूर्व सड़क के पेंटिंग का काम महुली के दक्षिणी चौराहे के पास तक हो चुका था।
इसके बाद सामग्री के अभाव का बहाना कर ठेकेदार फरार हो गए। तब से सड़क पेंटिंग का कार्य नहीं किया गया। जबकि गिट्टी बिछाकर छोड़ दी गई है। राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तहसील मुख्यालय धनघटा को जोड़ने वाली सड़क पर भारी वाहनों के अलावा स्थानीय लोगों का आना-जाना लगा रहता है।
गिट्टी उखड़ने से लोग गिरकर घायल हो जा रहे हैं। ठेकेदार की मनमानी से दक्षिणी चौराहे की लगभग 300 मीटर सड़क का पेंटिंग का कार्य नहीं कराया जा रहा है। ग्रामीणों सहित राहगीरों में आक्रोश व्याप्त है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि अगर शीघ्र ही दक्षिण चौराहा कि सड़क का पेंटिंग का कार्य पूरा नहीं किया गया तो वह मजबूर होकर संबंधित अधिकारी के कार्यालय का घेराव करने पर बाध्य होंगे।व