संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। बखिरा थाना क्षेत्र के भिटवा चौराहे पर घर के सामने से गुजर रही बरात में डीजे पर तेज आवाज में अश्लील भोजपुरी गाना बजाने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि बरात में शामिल लोगों ने लाठी-डंडों और बांस से परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। मारपीट में महिलाओं समेत आठ लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल आकाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मारपीट में घायल विकास को जिला अस्पताल भेजा गया, जबकि किरन का इलाज मेंहदावल सीएचसी में चल रहा है। आरोप है कि हमलावरों ने घर के सामने खड़ी मोटरसाइकिलों, ऑटो रिक्शा और अन्य सामान में भी तोड़फोड़ की। मामले में पुलिस ने 15 नामजद समेत करीब 30 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। शुक्रवार को पुलिस ने 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही बरात में बजाया जा रहा डीजे भी सीज कर दिया।
बखिरा थाना क्षेत्र के भिटवा बाजार निवासी आशा देवी ने पुलिस को दी तहरीर में जानकारी दी कि 12 नवंबर की रात करीब 10:00 बजे वह परिवार के सदस्यों और पड़ोस की महिलाओं के साथ घर के बाहर खड़ी होकर बरात देख रही थीं। मुड़िला खुर्द गांव के पूर्व प्रधान सोमई के नाती की शादी की बरात उनके घर के सामने से गुजर रही थी।
इस दौरान डीजे पर तेज आवाज में अश्लील भोजपुरी गाना बजाया जा रहा था। परिवार के लोगों ने विरोध करते हुए गाना बंद करने को कहा। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर बरात में शामिल राहुल, सीताराम, सत्यदेव, कुशल, गिरिधारी, राकेश, सुमित, सूरज, श्रीकांत, अमित कुमार, शनि कुमार और दिनेश कुमार समेत कई लोग गाली गलौज करने लगे।
इसके बाद मुड़िला खुर्द, डिघवा और समोगर गांव के कुछ लोगों के साथ 10 से 15 अज्ञात लोगों ने लाठी-डंडों और बांस से परिवार पर हमला कर दिया। हमले में आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, विकास, किरन, दुर्गावती, शिवशंकर, अर्जुन, अमन और आशा देवी को भी चोटें आईं।
आशा देवी का आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से हमला करने के साथ ही घर के दरवाजे पर खड़ी मोटरसाइकिलों, ऑटो रिक्शा और अन्य सामान में तोड़फोड़ की। घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।