- सीएचसी-पीएचसी पर तैनात कर्मियों के संगे संबंधियों के नाम से फर्म को भुगतान का मामला
संतकबीरनगर। स्वास्थ्य विभाग में सगे-संबंधियों के नाम पर फर्म बनाकर भुगतान करने के मामले में सीएमओ के जरिए गठित टीम की जांच शुरू हो गई है। टीम ने कर्मचारियों से भुगतान से संबंधित अभिलेख तलब किए हैं। जिसे लेकर कर्मियों पर कार्रवाई की तलवार लटक रही है।
भाजपा के मंडल महामंत्री देवी प्रसाद श्रीवास्तव ने अपर निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण बस्ती मंडल को पत्र देकर आरोप लगाया कि सीएचसी, पीएचसी और नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कार्यरत कर्मी अपने सगे-संबंधियो के फर्मों को सामग्री व सेवा आपूर्ति और वाहनों का संचालन दिखाकर भुगतान कर रहे हैं, जो अनियमितता की श्रेणी में है।
मंडल महामंत्री के पत्र को संज्ञान में लेकर अपर निदेशक स्वास्थ्य ने सीएमओ को टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए थे। जिसके बाद सीएमओ ने अपर सीएमओ आरसीएच महेंद्र प्रसाद को जांच का जिम्मा दिया है। एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी है। जांच टीम ने समस्त सीएचसी पीएचसी से भुगतान से संंबंधित अभिलेख तलब किया है।
बताया जा रहा है कि अगर सही तरीके से जांच हुई तो कर्मियों के सगे संबंधियों के करीब आठ फर्मों का पता चलेगा और कितनी रकम का भुगतान हुआ इसका पता लग जाएगा। टीम की जांच बढ़ने से स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कप की स्थिति है। शनिवार को इस प्रकरण को लेकर सीएमओ कार्यालय से सीएचसी और पीएचसी पर चर्चा होती रही।
टीम ने जांच से संबंधित अभिलेख तलब किए हैं। कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि जो भी अभिलेख मांगे जाए उसे दे दिए जाएं। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. रामानुज कन्नौजिया,
सीएमओ