संतकबीरनगर। रविवार को उप स्वास्थ्य केंद्रों पर जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें खांसी, बुखार, त्वचा रोग से पीड़ित मरीजों की लंबी कतार देखने को मिली। इसके साथ ही श्वास रोग, लीवर आदि के मरीज भी पहुंचे। चिकित्सकों ने उपचार के साथ सतर्कता बरतने की सलाह दी।
जिले के 22 उप स्वास्थ्य केंद्रों पर लगाए गए जन आरोग्य मेले में 1586 मरीज देखे गए। इसमें मधुमेह के 137, त्वचा के 348 व श्वास रोग के 129 मरीज शामिल रहे। बुखार के 58 मरीजों में 24 में मलेरिया के लक्षण पाए गए, जिन्हें जिला चिकित्सालय में जांच कराने की सलाह दी है। विभिन्न रोगों से पीड़ित 15 मरीजों में गंभीर मरीजों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
रोसया बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, स्वास्थ्य मेले कुल 46 मरीज आए। आशियां निवासी कुडवा गांव बुखार से परेशान थीं। उन्होंने बताया कि जब से सरकारी अस्पताल से दवा करा रहीं हूं तब से आराम है। राजिया निवासी कुडवा ने बताया कि वायरल फीवर है। दवा लेने आई हूं। प्रभारी चिकित्साधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि 46 मरीजों की जांच कर दवा दी गई है। इस मौके पर डॉ. राजेश, अनिल कुमार मौर्य, शरद वर्मा, सौरभ यादव, विद्यासागर पांडेय, चंद्र कला मौजूद रहीं।
मगहर प्रतिनिधि के अनुसार, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिकित्साधिकारी डाॅ. अबु सूफियान खान की देखरेख में स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। जिसमें 57 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की गई। 23 लोगों के शुगर की जांच कर दवाएं उपलब्ध कराई गईं। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि बुखार, खांसी, ब्लड प्रेशर, शुगर सहित विभिन्न प्रकार के मरीजों की जांच की गई। इस दौरान शालिनी पांडेय, शिवप्रताप सिंह यादव, शिवनन्दन, आशा यादव, नमिता, ललिता, आनंद कुमार, सुनील मौजूद रहे।