जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीज के गले की जांच करते चिकित्सक।
संतकबीरनगर। बदलते मौसम में लोगों के गले में खराश, खांसी और कान दर्द की समस्या बनी हुई है। जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन गले में खराश, खांसी और कान दर्द के अधिक मरीज परामर्श ले रहे हैं।
चिकित्सक संबंधित को सर्दी से बचाव और ठंडे पेय पदार्थों का सेवन न करने की सलाह दे रहे हैं। ओपीडी में रोजाना 20 से 25 मरीज कान में दर्द, कान से कम सुनना और नाक से पानी आने की समस्या लेकर पहुंच रहे हैं। जिला अस्पताल में शुक्रवार को सुबह से ही मरीजों के की भीड़ देखी गई। यहां मरीज कान, नाक और गले की बीमारियों से पीड़ित होने पर पहुंचे। इस बारे में जिला अस्पताल में कार्यरत ईएनटी विशेषज्ञ अवकाश पर थे। मरीजाें ने फिजिशियन को दिखाकर इलाज कराया। फिजिशियन डॉ. आनंद मिश्र ने बताया कि संक्रमण की वजह से कान, नाक और गले में समस्या आ जाती है। बुजुर्गों और बच्चों को ऐसे मौसम में ठंडी खाद्य सामग्री से परहेज करना चाहिए। इसके अलावा कानों के साथ किसी प्रकार का घरेलू नुस्खा का प्रयोग नहीं करना चाहिए। दिक्कत होने पर तत्काल चिकित्सक की सलाह लेनी चाहिए।