संवाद न्यूज एजेंसी
मगहर। नगर पंचायत मगहर में जल निगम द्वारा हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने की महत्वाकांक्षी योजना के तहत नगर के सभी 13 वार्डों में पाइपलाइन बिछाने का कार्य कराया गया। इस दौरान पाइपलाइन बिछाने के लिए कई सड़कों की खोदाई की गई थी।
इससे जगह-जगह गड्ढे हो जाने के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों तथा दोपहिया वाहन चालकों को विशेष परेशानी हो रही थी। जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए जल निगम ने अब सड़कों की मरम्मत एवं पैचिंग का कार्य शुरू कर दिया है।
विभिन्न वार्डों में क्षतिग्रस्त सड़कों पर पैचिंग कराने के साथ ही लोगों को पेयजल के लिए कनेक्शन भी दिए जा रहे हैं, जिससे आवागमन में राहत मिली है। नगरवासियों ने इस त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे जनहित में सराहनीय कदम बताया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पाइपलाइन बिछने के बाद जल्द ही घर-घर शुद्ध पेयजल की आपूर्ति शुरू होने की उम्मीद है, जिससे वर्षों से चली आ रही पेयजल संबंधी समस्याओं से भी राहत मिलेगी।