मेंहदावल। पानीपत-गोरखपुर एक्सप्रेसवे के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी आई है। तहसील क्षेत्र के 32 गांवों में अधिग्रहित की जाने वाली भूमि के गाटों का सत्यापन कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके बाद जमीन का अंश निर्धारण होगा। फिर किसानों को मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया शुरू होगी।
मेंहदावल तहसील क्षेत्र में पानीपत-गोरखपुर एक्सप्रेसवे के लिए जमीन अधिग्रहण की कार्रवाई से पहले भूमि सत्यापन का काम पूरा हो गया है। क्षेत्र में 22.5 किलोमीटर एक्सप्रेसवे का निर्माण होना है। करीब 1000 किसानों को मुआवजा मिलेगा।
तहसील प्रशासन के अनुसार 32 गांवों में जिन किसानों की भूमि अधिग्रहित की जा रही है उनकी भूमि का सत्यापन कार्य पूरा हो गया है। इसमें निजी-सरकारी तालाब, पोखरे व गड़ही आदि भूमि को चिह्नित करते हुए सत्यापन किया गया है।
कुल 13 सौ से अधिक गाटा की भूमि पर अधिग्रहण की कार्रवाई की जाएगी। ग्राम पंचायत कौवाठोर में 77 गाटों से एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। वहीं पसाई गांव में 40 गाटों से अधिग्रहण होगा।
इसी तरह अन्य 30 गांवों में भी भूमि का सत्यापन करते हुए गाटों को चिह्नित किया गया है। पहले यह एक्सप्रेसवे 29 गांवों से होकर गुजर रहा था। बाद में संशोधन कर तीन अन्य गांव भी बढ़ गए, जिससे कुल संख्या 32 गांव की हो गई।
इसमें करीब 202.084 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित करने की प्रक्रिया अब आगे बढ़ेगी। एक्सप्रेसवे में जो तीन गांव बाद में जुड़े हैं, इनमें शौचालय, पार्किंग आदि का निर्माण कार्य होगा।
-
एक्सप्रेसवे में भूमि सत्यापन का कार्य संपन्न हो चुका है। इस एक्सप्रेसवे के निर्माण से क्षेत्र का चहुंमुखी विकास होगा लेकिन भूमि अधिग्रहण में जो नियम लागू हैं उससे किसानों की आर्थिक क्षति हो रही है।
-राजेश सिंह, सोनौरा
एक्सप्रेसवे निर्माण से इससे सटे गांव के लोगों को रोजगार के साधन उपलब्ध होंगे। दिल्ली तथा हरियाणा की दूरी कम होगी। संसाधनों में बढ़ोतरी होगी। व्यापार को गति मिलेगी।
-राजन पांडेय, जमुअरिया कला
-
जिन किसानों की भूमि अधिग्रहण के लिए चिह्नित की गई है। उन्हें बाजार मूल्य से मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। अधिग्रहण के नाम पर दी जा रही रकम काफी कम है। इसको लेकर आपत्ति दर्ज कराई जाएगी।
-रामराज मौर्य, कुंडला
किस किसान के गाटे से कितनी भूमि अधिग्रहित की जाएगी इसकी जानकारी अभी नहीं मिली है। एक्सप्रेसवे निर्माण क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके निर्माण से जहां क्षेत्र का विकास होगा वहीं आवागमन के संसाधन बढ़ेंगे।
-संदेश पांडेय, जमुरिया
-
एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। अधिग्रहित की जाने वाली भूमि के सत्यापन का कार्य पूरा हो चुका है। वर्तमान में कर्मचारी जनगणना तथा चुनाव के कार्य में लगे हैं। उच्चाधिकारियों का आगे जो निर्देश मिलेगा, उसके तहत एक्सप्रेसवे से संबंधित अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
-रामजी तहसीलदार, मेंहदावल