सेमरियावां। ब्लॉक के उसराशहीद-उपधी-करही मदरसा मार्ग की बदहाली से तीन गांवों के लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। उसराशहीद की आबादी में करीब 400 मीटर सड़क धंस गई है। जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से राहगीरों को आवागमन में दिक्कत होती है। वहीं, उपधी से आगे करही मदरसे तक सड़क पर पिच के बजाय खड़ंजा लगाया गया है। यह खड़ंजा भी कई स्थानों पर धंस गया है।
यह मार्ग बीएमसीटी मार्ग को उसराशहीद चौराहे पर जोड़ता है। करही स्थित मदरसा करीब दो सौ साल पुराना है। यहां तीन से चार सौ बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। सड़क खराब होने से बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों को आने-जाने में परेशानी होती है। इसके अलावा करही, उपधी और उसराशहीद गांव के लोगों का भी इसी मार्ग से आवागमन होता है। ग्रामीण इसी रास्ते से सेमरियावां ब्लॉक, खलीलाबाद तहसील और जिला मुख्यालय पहुंचते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि उसराशहीद की आबादी में सड़क की हालत बेहद खराब है। वहीं, उपधी से आगे करही मदरसे तक पक्की सड़क न होने से परेशानी और बढ़ जाती है। बारिश में स्थिति और खराब हो जाती है। ग्रामीणों ने कई बार सड़क की मरम्मत और पिच निर्माण की मांग की लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
सेराज अहमद, श्रीराम, अरशद जमाल, इरशाद अहमद, रामधारे और रामसजीवन ने बताया कि सड़क की बदहाली से रोजाना लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। करही मदरसे तक सड़क पिच हो जाए तो बच्चों और ग्रामीणों का आवागमन आसान हो जाएगा। इसके बावजूद जनप्रतिनिधि सड़क की समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
0000
उसराशहीद की आबादी में करीब 400 मीटर सड़क की मरम्मत के लिए प्रस्ताव मांगा गया था। प्रस्ताव शासन को भेजा गया है धनराशि स्वीकृत होते ही मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। उपधी से आगे सड़क निर्माण के लिए भी शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-राजेश कुमार, अवर अभियंता, पीडब्ल्यूडी