संतकबीरनगर। बाजार से पनीर खरीद रहे हैं तो सतर्क हो जाएं। कारण कि मिलावटी पनीर के धंधेबाज सक्रिय हो गए हैं। खाद्य विभाग की ओर से लैब को भेजे गए पनीर के चार नमूने फेल हुए हैं। इसमें पाम ऑयल की मिलावट पाई गई है। सोमवार को कांटे से बस्ती ले जाया जा रहा मिलावटी पनीर पकड़ा गया था।
जिले में भी खजनी, हरियाणा और अयोध्या से लाया गया पनीर बरामद हो चुका है। ज्यादा मुनाफा के लिए धंधेबाज लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं। जानकार बताते हैं कि लोग सस्ते के चक्कर में मिलावटी पनीर खरीद रहे हैं। डॉक्टर का कहना है कि मिलावटी पनीर का लगातार सेवन करने से पेट और लिवर से संबंधित बीमारियां हो रही है। लोगों को सतर्कता बरतनी होगी।
बता दें कि 29 अक्तूबर 2024 को भुजैनी स्थित पनीर के कारखाने पर खाद्य टीम ने छापा मारा था। जहां से पनीर का एक नमूना, एक मिल्क पाउडर का नमूना, रिफाइंड तेल का एक नमूना लिया गया। वहीं, पांच क्विंटल मिल्क पाउडर सीज किया गया। 175 लीटर रिफाइंड ऑयल भी सीज किया गया था। पिकअप से बरामद लगभग एक क्विंटल पनीर को नष्ट कराया गया था। यह पनीर 27 अक्तूबर को हरियाणा से चला था। देखने में ही पनीर खराब हो गया था। इसमें रिफाइंड ऑयल मिला था। भुजैनी स्थित कारखाने को अग्रिम आदेश तक के लिए बंद कराया दिया गया था।
मार्च 2025 में आजाद चौक पर 35 क्विंटल पनीर पकड़ा गया था। इससे दुर्गंध आ रही थी। यह पनीर गोरखपुर के खजनी से लाया गया था। खाद्य टीम ने उसे नष्ट करा दिया था। इसके साथ ही सैंपल जांच के लिए भेजा था। यही नहीं, चार माह पहले बस्ती से लाया गया पनीर मेंहदावल बाईपास से बरामद किया था। जिले में चोरी-छिपे पनीर का धंधा तेजी से फूल-फल हा है। हालांकि, खाद्य टीम समय-समय पर छापेमारी कर बरामद करती है और कार्रवाई भी करती है। ऐसे में लोगों को खुद सतर्क रहना होगा और जांच परखकर ही पनीर व अन्य खाद्य सामग्री की खरीदारी करनी होगी।
नकली-असली पनीर की ऐसे करें पहचान : सहायक आयुक्त खाद्य एवं औषधि प्रशासन सतीश कुमार ने बताया कि असली और नकली पनीर की पहचान हाथों से मसलकर लगा सकते हैं। अगर आपका पनीर मसलने के बाद टूटकर गिरने लगता है। इस स्थिति में समझ जाइए कि पनीर नकली है। नकली पनीर की पहचान पानी में उबालकर भी कर सकते हैं। इसके लिए पनीर को पानी में उबालने के लिए रखना है। इसके बाद पनीर को पानी से निकालकर ठंडा होने के लिए छोड़ दें।
ठंडा होने के बाद पनीर पर सोयाबीन या अरहर का पाउडर डालकर 10 मिनट के लिए छोड़ देना है। ऐसा करने के बाद अगर पनीर का रंग हल्का लाल हो जाता है तो खरीदा गया पनीर डिटर्जेंट या यूरिया से बनाया गया है।