लौहरैया-मनिकापार सड़क चौड़ीकरण के बाद नहीं लगाया गया स्लैब
धनघटा। लौहरैया-मनिकापार सड़क के चौड़ीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। सड़क के दोनों किनारों पर नालियां खुली हैं। स्लैब कहीं-कहीं ही लगाए गए हैं। कई ऐसे स्थान हैं जहां पर जरा-सी चूक बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
दुकानदार सुदीप साहनी का कहना है कि खुले नालों के कारण घरों के सामने गाड़ियां अंदर ले जाना भी संभव नहीं है, जिससे उन्हें वाहन सड़क पर खड़ा करना पड़ रहा है। बभनौली निवासी देवेंद्र का कहना है कि सड़क पर वाहन खड़ा होने से जाम की स्थिति बनी रहती है।
लोहरैया चौराहे के दुकानदार राहुल का कहना है कि लोगों में यह भय भी बना रहता है कि सड़क पर खड़ी गाड़ी के साथ कोई अनहोनी न हो जाए। इसी मार्ग पर निर्मित आरसीसी सड़क पर भी चलना खतरे से खाली नहीं है, क्योंकि उसके बगल में पटरी निर्माण न होने के कारण वाहन साइड नहीं ले पाते हैं। लौहरैया चौराहा, बभनौली और संठी के पास तो स्थिति और भी गंभीर रहती है, जहां दिन में कई बार जाम लगा रहता है और जरा सी चूक जान पर भारी पड़ सकती है।
लोगों का कहना है कि अगर कोई वाहन अनियंत्रित हुआ तो नाली में गिरने का खतरा बना रहता है। कई लोग अपनी बाइक संभालते-संभालते फिसल चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जहां तक नाली बन चुकी है, वहां नाले पर स्लैब लगाया जाए और सड़क किनारे आवश्यक पटरी निर्माण को तत्काल पूरा किया जाए।
कोट
इस मामले की जानकारी नहीं है। सड़क किनारे खुली नाली पर ढक्कन लगाने के लिए कार्यदायी संस्था को लिखा जाएगा।
- उमेश प्रसाद ओझा, बीडीओ हैंसर