संतकबीरनगर। शासन ने छात्रवृत्ति में बदलाव कर दिया है। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता छात्रवृत्ति के लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले ही पात्र होंगे। इसके साथ ही उनकी आय सीमा साढ़े तीन लाख से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। इसमें एससीएसटी वर्ग के विद्यार्थियों के लिए आवेदन में पांच फीसदी की छूट होगी। डीआईओएस हरिशचंद नाथ ने बताया कि राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा 9 नवंबर को निर्धारित केंद्र पर होगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। 24 सितंबर तक आवेदन किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा में वर्ष 2024-25 की कक्षा सातवीं में परीक्षा में न्यूनतम 55 फीसदी अंक हासिल करने वाले विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। हालांकि एससीएसटी वर्ग के विद्यार्थियों को अंकों में पांच फीसदी की छूट मिलेगी।
इस परीक्षा में आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थी ही शामिल हो पाएंगे। जवाहर नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, सैनिक स्कूल, राजकीय आवासीय समाज कल्याण के अंतर्गत संचालित विद्यालय व निजी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएंगे। इस परीक्षा में शामिल होने के लिए विद्यार्थियों से किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा, लेकिन उनके अभिभावकों की आय सभी स्रोतों से साढ़े तीन लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदन करते समय आय प्रमाणपत्र अपलोड करना होगा। वहीं, एससीएसटी वर्ग, ओबीसी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित अभ्यर्थियों को आरक्षण प्रमाणपत्र लगाना होगा। जो आवेदन की अंतिम तिथि से पहले का बना हुआ होना चाहिए।