एमसीएच विंग में बचे मात्र 40 मरीज
कोरोना के मरीज जिले में लगातार घट रहे हैं, प्रशासन ने ली राहत की सांस
एक्टिव केसों की संख्या घटकर 385 पहुंची, 263 लोग होम आइसोलेशन में
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले में कोरोना के मरीज लगातार घट रहे हैं। एमसीएच विंग में जहां एक हफ्ते पहले जमीन पर मरीजों को लिटाकर इलाज किया जा रहा था, वहीं, बुधवार को मात्र 40 मरीज एमसीएच विंग में भर्ती मिले। इसके साथ जिले में एक्टिव केसों की संख्या घटकर 385 पहुं्च गई है। इससे स्वास्थ्य महकमे ने राहत की सांस ली है।
कोरोना का प्रकोप बढ़ने पर मार्च माह में ही एमसीएच विंग में 200 बेड के अस्पताल में 150 बेड ऑक्सीजन के मरीजों के लिए बना दिया गया था। कोरोना के मरीज लगातार बढ़ते गए और अप्रैल के पहले सप्ताह में जिले में एक्टिव केसों की संख्या 1330 पहुंच गई थी। एमसीएच विंग में मरीजों को बेड नहीं मिल रहा था। जमीन पर लेट कर मरीज इलाज करा रहे थे, लेकिन धीरे-धीरे मरीजों की संख्या घटती गई। बुधवार को जिले में मात्र 10 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले। इसके साथ ही एक्टिव केस 385 पहुुंच गया। एमसीएच विंग में मात्र 40 मरीज भर्ती हैं। वैैसे स्वास्थ्य महकमे में 59 मरीजों के भर्ती होने की रिपोर्ट की है। अपर सीएमओ डॉ. मोहन झा ने बताया कि 59 मरीजों की रिपोर्ट हुई है। इसमें से 19 मरीजों के नाम पोर्टल से नहीं हट पाए हैं। मात्र 40 मरीज ही एमसीएच विंग में भर्ती हैं। उन्हें भी जल्द ही छुट्टी मिल जाएगी। जिले में लगातार केस घट रहे हैं। इससे राहत है। इसके अलावा 263 लोग ही होम आइसोलेशन में रहकर इलाज करा रहे हैं। उन्हें कोरोना किट आदि उपलब्ध करा दिया गया है।