- अपलोड करनी होगी निरीक्षण आख्या, सभी स्कूलों को निर्देश जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। विद्यालयों का निरीक्षण भी अब परख पोर्टल के द्वारा ऑनलाइन किया जाएगा। अभी तक अधिकारी निरीक्षण के लिए विद्यालय जाते थे। जिले के 280 विद्यालय माध्यमिक शिक्षा विभाग से संचालित होते है।जिसमे पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए विभाग द्वारा समय-समय पर न पोर्टल शुरू किए जाते है। लेकिन अब विद्यालयों का निरीक्षण भी ऑनलाइन हुआ करेगा। इसके लिए विभाग ने परख पोर्टल की शुरूआत की है।
विद्यालयों को अब अपनी समय सारिणी भी इसी पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। डीआईओएस भी समय-समय पर इसी पोर्टल के माध्यम से विद्यालयों का निरीक्षण करेंगे। पोर्टल पर विद्यालयों के संसाधनों, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय आदि की आख्या निरीक्षण के समय ऑनलाइन अपलोड करनी होगी। डीआईओएस हरीशचंद नाथ ने बताया कि माध्यमिक स्कूलाें के निरीक्षण के लिए परख पोर्टल शुरू किया गया है। सभी स्कूलों के निरीक्षण की आनलाइन आख्या इसी पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।
अलग-अलग बिंदुओं का निर्धारण
परख पोर्टल पर स्कूलाें के निरीक्षण की आख्या के लिए राजकीय, सहायता एवं वित्त विहीन स्कूलों के लिए अलग-अलग बिंदुओं का निर्धारण किया गया है। राजकीय स्कूलों के लिए प्रधानाचार्य कक्ष, शिक्षण कक्ष की उपलब्धता, कंप्यूटर कक्ष की उपलब्धता एवं क्रियाशीलता, अग्निशमन यंत्र की उपलब्धता, बायोमेट्रिक मशीन की उपलब्धता एवं क्रियाशीलता, पंख पोर्टल का विद्यालय स्तर पर उपयोग, शिक्षक डायरी की उपलब्धता समेत 40 विंदुओं का निर्धारण किया गया है।