संतकबीरनगर। जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चंद्र ने बताया कि जनपद के कॉलेज, गैर सरकारी संगठन, ग्राम पंचायत आदि को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के द्वारा अवगत कराया है कि आयोग ने वर्ष 2015 में मानवाधिकारों पर एक लघु फिल्म प्रतियोगिता की स्थापना की है।
वर्ष 2025 में इसके 11वें संस्करण के लिए देश के सभी नागरिकों से ऑनलाइन प्रविष्टियां आयोजित की गई हैं चाहे वे किसी भी आयु वर्ग के हों प्रथम, द्वितीय व तृतीय सर्वश्रेष्ठ फिल्म के लिए पुरस्कार राशि दो लाख रुपये, एक लाख 50 हजार रुपये, एक लाख रुपये होगी। आयोग तीन नकद पुरस्कारों, प्रमाण पत्रों और ट्राॅफी के अलावा अधिकतम 04 फिल्मों को 50 हजार रुपये के नकद पुरस्कार के साथ विशेष उल्लेख का प्रमाण पत्र देने पर भी विचार कर सकता है, यदि ज्यूरी द्वारा ऐसा करने की सिफारिश की जाती है।
फिल्में हिंदी या किसी भी भारतीय भाषा में हो सकती है, साथ ही अंग्रेजी या अंग्रेजी में उपशीर्षक हो सकती है। लघु फिल्म की अवधि न्यूनतम तीन मिनट और अधिकतम 10 मिनट होनी चाहिए। प्रविष्टियां भेजने की अंतिम तिथि 31 अगस्त है। प्रविष्टियां Google Drive का उपयोग करके nhrcshortfilmgmail.com पर ऑनलाइन भेजी जानी चाहिए। संवाद