मृतक के परिजनो को समझाती पुलिस।संवाद
- फोटो : KHALILABAD
अनियंत्रित बस की चपेट से युवक की मौत
- दुधारा क्षेत्र के पैड़ी पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा, बस को कब्जे में लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। दुधारा थाना क्षेत्र के बीएमसीटी मार्ग पर स्थित पैड़ी पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार को बस की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है, जबकि बस ड्राइवर फरार हो गया।
उसराशहीद गांव निवासी जमशीर अहमद पुत्र कुर्बान अली 45 वर्ष पैड़ी पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल भरवाने गए थे। वापस आते समय पेट्रोल पंप के पास ही सड़क किनारे बाइक खड़ी करके कुछ काम कर रहे थे। उसी दौरान बस्ती की तरफ जा रही तेज रफ्तार सवारी भरी बस अनियंत्रित होकर दूसरे साइड में जाकर जमशीर अहमद को अपने चपेट में ले लिया। बस घसीटते हुए कुछ दूर ले गई और फिर जमशीर अहमद बाइक समेत सड़क के किनारे गड्ढे में जा गिरे। बाघनगर चौकी पुलिस प्रभारी विनोद कुमार यादव व गांव वालों ने उन्हें सीएचसी सेमरियावां भेजवाया। जहां पर डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बस की सवारियों को दूसरे वाहन से जाना पड़ा। चौकी प्रभारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बस को कब्जे में ले लिया गया है, चालक मौके से फरार हो गया।